लखनऊ
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।अहिरौली थाना क्षेत्र के यादव नगर किराए के पास पीछे से आ रही एक डीसीएम वाहन की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि डीसीएम की केबिन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में डीसीएम चालक सुधीर कुमार निवासी दवाई, जिला बुलंदशहर और उसका चचेरा भाई धर्मवीर शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। टक्कर के बाद डीसीएम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और केबिन में कई लोग फंस गए।
हादसे में बुलंदशहर निवासी सतीश चंद्र, महावीर, सुशील कुमार, राजेश, सत्य प्रकाश और छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद डीसीएम में फंसे घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।
बताया गया कि सभी लोग श्रवण क्षेत्र में बीते एक माह से चल रहे मेले में खजला की दुकान लगाए हुए थे। मेला समाप्त होने के बाद मंगलवार रात सामान लेकर बुलंदशहर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच की जा रही है।





