मथुरा
वृंदावन स्थित प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में स्टील रेलिंग लगाने के कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर परिसर में रेलिंग लगाने का ठेका सलीम अहमद को दिए जाने पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास ने आपत्ति जताई है।
न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी महाराज ने इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर ठेके को निरस्त करने की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने इस निर्णय पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि इस तरह के फैसले से “कृष्ण कन्हैया नाराज हो सकते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि ठेका पाने वाले लोग सनातन परंपरा के विरोधी हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि “जब सनातन समाज में हजारों सक्षम ठेकेदार मौजूद हैं, तो फिर मंदिर से जुड़े कार्य का ठेका बाहर के लोगों को क्यों दिया गया।” उन्होंने सरकार से मांग की कि मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों से जुड़े कार्यों में भावनाओं का विशेष ध्यान रखा जाए और ऐसे निर्णयों पर पुनर्विचार किया जाए।
फिलहाल इस मामले पर प्रशासन या संबंधित ठेकेदार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।







