प्रयागराज
प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और मेला प्रशासन के बीच पिछले छह दिनों से चला आ रहा विवाद शनिवार रात उस समय और गंभीर हो गया, जब कुछ युवकों ने शंकराचार्य के शिविर में घुसने की कोशिश की। आरोप है कि युवक “सीएम योगी जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए शिविर के भीतर प्रवेश करना चाहते थे।
इस दौरान शिविर में मौजूद शंकराचार्य के शिष्यों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। घटना के बाद शिविर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
शिष्यों का आरोप है कि यह घटना सुनियोजित थी और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने प्रशासन से शंकराचार्य की सुरक्षा बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मेला प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।






