रामपुर से शार्पदृष्टि की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश सरकार में सहकारिता मंत्री और रामपुर के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने सपा नेता आजम खान के बयान “जो लोग दिए जलाते हैं वे कुछ भी जला सकते हैं.पर कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि यह हमारी धार्मिक आस्था पर चोट है और आजम खान को अपनी जुबान पर लगाम लगानी चाहिए। इसके लिए उन्हें सभी हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।
रामपुर में शनिवार को प्रेस वार्ता करते हुए जेपीएस राठौर ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक रामपुर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जेपीएस राठौर ने कहा, “इन्हीं लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाने का काम किया था। जब भव्य और दिव्य राम मंदिर बन गया है और वहां दिए जलते हैं, तो इनके दिल जलते हैं। इसलिए ये कुछ भी अनाप-शनाप बोलते हैं। यह सनातन परंपरा और हिंदू आस्था पर प्रहार है।” उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने कभी किसी के धार्मिक कार्यक्रमों पर चोट नहीं की, लेकिन अब आजम खान इतनी हिम्मत और जुर्रत कर रहे हैं कि हमारी धार्मिक आस्था पर भी हमला कर रहे हैं।






