*इंदौर
इंदौर से शार्पदृष्टि की रिपोर्ट
नंदलालपुरा क्षेत्र में बुधवार रात किन्नरों के दो गुटों के बीच चल रहे लंबे विवाद ने नाटकीय मोड़ ले लिया। विवाद से तंग आकर एक गुट के करीब 22 किन्नरों ने फिनायल पीकर आत्महत्या की धमकी दे दी। अचानक हुए हंगामे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सभी किन्नर अपने डेरों से नीचे उतरे और जोरदार हंगामा करने लगे। इसी दौरान उन्होंने एक साथ फिनायल पी लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत ऑटो और एम्बुलेंस के जरिए सभी को एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां एक किन्नर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि नंदलालपुरा में किन्नरों के दो गुटों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार को इसी विवाद को सुलझाने के लिए किन्नर अखाड़ा महामंडलेश्वर लक्ष्मी त्रिपाठी भी इंदौर पहुंचीं और अधिकारियों से मुलाकात की थी।
उधर, एक किन्नर की शिकायत पर पुलिस ने दो मीडियाकर्मियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। कई दिनों से जारी इस विवाद की जांच के लिए पूर्व में एसआईटी का गठन किया गया था, लेकिन जांच अब तक पूरी नहीं हो सकी है।




