इटावा
पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 6 एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, पैन व आधार कार्ड, दो कारें और नकदी बरामद की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि थाना कोतवाली पुलिस को इस गिरोह के बारे में गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामलीला मैदान के पास से गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
सरकारी वेबसाइट बताकर करते थे ठगी
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर लोगों को ऑनलाइन गेम खिलाने के नाम पर ठगी करते थे। वे फर्जी तरीके से वेबसाइट को सरकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। गूगल पर पहले से डाली गई विज्ञापन सामग्री दिखाकर लोगों का विश्वास जीतते थे। आरोपी लोगों को ऑनलाइन क्वाइन बेचकर गेम खिलाते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति बड़ी रकम लगाता, तकनीकी तरीकों से उसे गेम में हरा दिया जाता और उसकी रकम हड़प ली जाती थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संस्कार यादव (21), मनन शुक्ला (23) और वासू भदौरिया (27) के रूप में हुई है।





