गोरखपुर शार्पदृष्टि की रिपोर्ट
पीपीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात्रि गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोलीगंज टोल प्लाजा के समीप लापरवाही ने दो घरों की चिराग बुझा दिए। टोल प्लाजा के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सराफा कारोबारी के बेटे समेत दो लोगों की मौत हो गई,जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयंकर था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,टोल प्लाजा के पास सड़क खराब होने और संकेतक (रिफ्लेक्टर) न होने की वजह से तेज रफ्तार एसयूवी और एक पिकअप आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी पलटते हुए सड़क किनारे खड़ी डॉक्टर सिद्धार्थ की कार से जा टकराई।दुर्घटना में सराफा कारोबारी गंजू वर्मा के बेटे आदर्श वर्मा और उसके मित्र रोहन कन्नाजिया (भगवानपुर निवासी) की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि राहत समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने एनएचएआई अधिकारियों और टोल प्लाजा प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि टोल प्लाजा के पास लंबे समय से सड़क पर गड्ढे हैं और रिफ्लेक्टर व रोशनी की भारी कमी है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद न तो सड़क की मरम्मत की गई और न ही सुरक्षा संकेत लगाए गए। पिछले दो महीनों से इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कोई कदम नहीं उठा रहे।



