लखनऊ
मशहूर बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर के साथ मेघालय में हुए एक लाइव शो के दौरान बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना रविवार रात आयोजित ‘मी गॉन्ग’ फेस्टिवल की है, जहां कनिका स्टेज पर परफॉर्म कर रही थीं। परफॉर्मेंस के दौरान अचानक एक फैन स्टेज पर चढ़ आया और कनिका कपूर के पास पहुंचकर उन्हें गोद में उठाने की कोशिश करने लगा। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कनिका इस हरकत से असहज हो जाती हैं और पीछे हटने की कोशिश करती हैं। इसी दौरान सिक्योरिटी टीम तुरंत मौके पर पहुंचती है और फैन को स्टेज से दूर हटाती है। घटना के बाद से यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग इस तरह की हरकत पर नाराजगी जताते हुए सेलिब्रिटी सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं। आयोजकों ने भी सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन दिया है। कनिका कपूर ने इस पूरे मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।







