मेरठ
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र अंतर्गत किदवई नगर में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। कपड़ा कारोबारी के मकान में लगी भीषण आग में 5 बच्चों सहित कुल 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में 6 महीने की जुड़वा बहनें भी शामिल हैं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रुखसार (30) पत्नी आसिम, अकद्दस (3) पुत्र आसिम, नाबिया (6 माह) पुत्री आसिम, इनायत (6 माह) पुत्री आसिम, महविश (12) पुत्री फारुख और हम्माद (4) पुत्र फारुख के रूप में हुई है। वहीं, इकबाल की पत्नी अमीर बानो (55) गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें हालत नाजुक होने पर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन मकान तक जाने वाली गली बेहद संकरी होने के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कत आई। इसके बाद फायर कर्मियों ने पड़ोसियों की छतों के रास्ते घर में प्रवेश किया और काफी प्रयास के बाद आग बुझाई। झुलसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि 112 नंबर पर आग लगने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान में कपड़ों का काम भी होता था, जिससे आग तेजी से फैल गई।



