कानपुर की रिपोर्ट
नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए औषधि प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने स्वयं शहर में औचक निरीक्षण किया और पांच फर्मों व उनके गोदामों पर छापा मारा। जांच में भारी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप, ट्रामाडॉल टैबलेट और एक्सपायर्ड दवाएं बरामद की गईं। कुल 7.50 करोड़ रुपये की नशीली दवाओं की बरामदगी हुई है।
आयुक्त डॉ. जैकब ने बिरहाना रोड स्थित अग्रवाल ब्रदर्स, मेडिसिना, और मसाइको फर्मों के साथ-साथ उनके कोपरगंज स्थित गोदामों पर छापा मारा। जांच के दौरान अग्रवाल ब्रदर्स के संचालक विनोद अग्रवाल और उनके बेटे शिवम अग्रवाल दवाओं की खरीद-बिक्री के दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। टीम के पहुंचने से पहले फर्म में लगे कंप्यूटर भी हटा दिए गए थे। गोदामों में नशीली और एक्सपायर्ड दवाओं का बड़ा जखीरा मिला। इसी तरह, वेदांश और एसजीपीएस फर्मों पर भी विभाग की अन्य तीन टीमों ने छापेमारी की। सभी पांचों फर्मों और उनके गोदामों को सील कर दिया गया है। आयुक्त ने फर्म संचालकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशीली और अवैध दवाओं के कारोबार में लिप्त किसी को बख्शा नहीं जाएगा।




