Home / राज्य / कार पर गिरा हाईटेंशन तार, युवक जिंदा जला, सिर्फ हड्डियां हुई राख

कार पर गिरा हाईटेंशन तार, युवक जिंदा जला, सिर्फ हड्डियां हुई राख

 

 

मथुरा से शार्पदृष्टि की रिपोर्ट 

मथुरा के मांट-राया मार्ग पर शनिवार सुबह दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। पेट्रोल पंप के पास खड़ी टोयोटा ग्लैंजा कार पर अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। कुछ ही सेकेंडों में कार आग के गोले में तब्दील हो गई। कार में बैठे युवक अंकित (25) को निकलने का मौका तक नहीं मिला—वह सीट पर ही जिंदा जल गया। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, कार और युवक दोनों राख में बदल चुके थे।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया। जब कार को खोला गया तो अंदर से सिर्फ हड्डियां और राख बरामद हुईं। टीम ने इन्हें बैग में भरकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंकित अपनी ग्लैंजा कार से वृंदावन जा रहा था। रास्ते में किसी वजह से उसने कार खेत के किनारे रोक दी। तभी खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर कार पर गिर गया।

तार के गिरते ही पूरी कार में करंट दौड़ गया और आग लग गई। अंकित अंदर से मदद के लिए चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन हाईटेंशन करंट की वजह से कोई भी पास नहीं जा सका।

लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन जब तक टीमें पहुंचीं, कार पूरी तरह जल चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

ग्रामीणों ने बताया कि हाईटेंशन लाइन काफी समय से झुकी हुई थी। इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग को की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब इस लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल