बस्ती
जिले के गौर थाना क्षेत्र अंतर्गत महुआडाबर गांव में केक खाने से एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक तीन वर्षीय बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक मामला गंभीर फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, संतोष सिंह ने बताया कि उनके बेटे अमन सिंह ने शनिवार शाम गांव की ही एक परचून की दुकान से दो केक खरीदे थे। अमन ने खुद केक खाया और एक तीन वर्षीय बच्चे को भी खिलाया। कुछ ही देर बाद दोनों को तेज पेट दर्द और उल्टी होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले गए।
स्थिति गंभीर होने पर अमन को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, तीन वर्षीय बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
सूचना मिलने पर गौर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने उस दुकान की भी जांच शुरू कर दी है, जहां से केक खरीदा गया था।
मामले में जानकारी देते हुए डीएसपी स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि केक खाने से युवक की मौत की बात सामने आई है।






