लखनऊ
घने कोहरे ने एक बार फिर हवाई यातायात व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर कर दिया है। दिल्ली से लखनऊ आ रही एयर इंडिया की उड़ान IX-2171 को लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। खराब दृश्यता के कारण विमान को आसमान में करीब 6 चक्कर लगाने पड़े, लेकिन हालात नहीं सुधरे। अंततः पायलट को विमान वापस दिल्ली ले जाने का फैसला करना पड़ा।
गौरतलब है कि बीते तीन दिनों में यह दूसरी बार है जब लखनऊ में कोहरे के कारण विमान को बिना लैंडिंग लौटना पड़ा है। इससे पहले 2 जनवरी को भी एक विमान ने लखनऊ एयरपोर्ट पर 17 चक्कर लगाए थे, लेकिन घने कोहरे के चलते उसे भी वापस लौटना पड़ा था।
लगातार हो रही इन घटनाओं से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस की तैयारी पर सवाल उठाए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे उड़ानों के संचालन पर असर पड़ने की आशंका है।







