लखनऊ
लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में रविवार को सीएम ग्रिड योजना के तहत की जा रही खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गोमतीनगर बस डिपो की जर्जर दीवार अचानक ढहने से तीन मजदूर मलबे के नीचे दबकर घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने दीवार की नींव तक गड्ढा खोद दिया था, जबकि दीवार पहले से ही कमजोर थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घायल मजदूरों में सीतापुर के दीपू और फकीरे व मलिहाबाद के राम आसरे शामिल हैं। फकीरे का हाथ टूट गया है, जबकि बाकी मजदूरों के पैर में चोटें आई हैं। सभी को तुरंत लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। विभूतिखंड इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। नगर निगम के चीफ इंजीनियर ने भी रिपोर्ट लेकर कार्रवाई की बात कही है।




