महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
सिख धर्म के दसवें गुरु, साहिब-ए-कमाल श्री गुरु गोविन्द सिंह जी के पावन प्रकाशोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को लक्ष्मीपुर नगर में सिख समुदाय द्वारा भव्य नगर कीर्तन व जुलूस निकाला गया। इस धार्मिक आयोजन में सिख समाज के साथ-साथ नगर के विभिन्न समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर आपसी भाईचारे और सद्भावना की मिसाल पेश की। पूरे नगर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
गुरु गोविन्द सिंह जी के प्रकाश पर्व को लेकर सिख समाज में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर पिछले पाँच दिनों से गुरुद्वारा साहिब से प्रभात फेरी निकाली जा रही थी, जिसमें शबद कीर्तन के माध्यम से गुरु गोविन्द सिंह जी द्वारा बताए गए सत्य, साहस, त्याग और समानता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जा रहा था। प्रभात फेरियों के माध्यम से लोगों को गुरु जी के उपदेशों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रकाशोत्सव के दिन गुरुद्वारा साहिब को फूलों और रंग-बिरंगी झालरों से भव्य रूप से सजाया गया था। शुक्रवार को नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर अस्पताल रोड, डिपो रोड, स्टेशन रोड होते हुए ब्लॉक मुख्यालय तक पहुँचा और पुनः गुरुद्वारा साहिब लौटकर संपन्न हुआ। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु गोविन्द सिंह जी के संदेशों को आत्मसात करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शबद कीर्तन करती हुई बड़ी संख्या में महिलाओं ने गुरु की महिमा का गुणगान किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। वहीं ढोल, नगाड़े और मंजीरों की थाप पर पुरुषों और बच्चों द्वारा “वाहेगुरु, वाहेगुरु” का सामूहिक जाप किया गया, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया। नगर भ्रमण के दौरान कई श्रद्धालुओं के घरों के सामने अरदास की रस्म भी श्रद्धा के साथ अदा की गई।
कार्यक्रम के समापन पर गुरुद्वारा साहिब में विशेष अरदास के साथ गुरु गोविन्द सिंह जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। नगर कीर्तन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का भी सशक्त संदेश दिया।इस पावन अवसर पर ग्राम प्रधान एकमा सरदार तजेंद्र पाल सिंह, मंटी सिंह, बॉबी सिंह, संदीप सिंह, हरजीत सिंह, सोनू सिंह, प्रिंस सिंह, राजेंद्र सिंह, मोनू सिंह, सुनील सिंह सहित सिख समाज के अनेक लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







