गोगोरखपुर
गोरखपुर में शाहपुर थाना क्षेत्र के गीता वाटिका इलाक़े में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां बदमाशों ने मां-बेटी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। घटना रात करीब साढ़े नौ बजे के बाद की बताई जा रही है। सूचना पर एसएसपी राजकरन नैय्यर सहित पुलिस टीम मौके पर पहुँची और जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय विमला अपनी 90 वर्षीय मां शांति देवी के साथ रहती थीं। विमला पास ही स्थित रामानंद विश्वकर्मा की फर्नीचर दुकान पर काम करती थी। सोमवार सुबह जब वह दुकान नहीं पहुँची तो रामानंद ने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव न होने पर वह उसके घर पहुँचा। दरवाजा बंद होने और किसी प्रतिक्रिया न मिलने पर उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर दोनों के खून से सने शव पड़े मिले। तत्काल फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध सामने आया है तथा हत्या के पीछे प्रापर्टी विवाद की चर्चा है, हालांकि अभी कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।
घटनास्थल पर हथौड़ा और दो मोबाइल फोन मिले
एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि घटनास्थल से एक हथौड़ा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि रविवार शाम विमला का अपने पड़ोसी से ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर विवाद हुआ था और घटना के बाद से वह पड़ोसी गायब है। पुलिस टीम सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कई तथ्य और स्पष्ट हो सकेंगे।





