पणजी गोवा
गोवा में पर्यटकों से गुलज़ार रहने वाले गोवा में बीती रात एक रेस्टोरेंट-कम-क्लब में ऐसी आग लगी कि 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में कई पर्यटक और महिलाएँ शामिल हैं। प्राथमिक जांच में फायर सेफ्टी नियमों की घोर अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर पोस्ट कर घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे को “बहुत दुखद” बताया और मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को ₹2 लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। पीएम ने गोवा के सीएम प्रमोद सावंत से फोन पर स्थिति की जानकारी भी ली।
आधी रात में मची अफरातफरी
एएनआई के अनुसार, अरपोरा स्थित क्लब में आग की सूचना रात 12:04 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। फायर ब्रिगेड, पुलिस और एम्बुलेंस टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत अभियान शुरू किया। पूरी रात चले ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पाया गया और सभी शव बाहर निकाले गए।
“गैर–कानूनी संचालन पर होगी सख्त कार्रवाई” — CM सावंत
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन राज्य होने के नाते ऐसे हादसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने संकेत दिया कि क्लब में नियमों की अनदेखी की गई थी और जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि कुल 25 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और पुलिस कारणों की जांच कर रही है।





