महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को लक्ष्मीपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत सिसवनिया विशुन में झंडा फहराने को लेकर के काफी विवाद हुआ था। वित्तीय अनियमितता में सीज ग्राम प्रधान को सचिव व एडीओ पंचायत ने पंचायत भवन पर झंडा फहराने से मना कर दिया था। जिसे लेकर ब्लाक कर्मियों व ग्राम प्रधान में काफी विवाद हुआ था। अब यह मामला पुरंदरपुर थाना पहुँच गया है। लेकिन अभी तक कोई मामला दर्ज नही हुआ है।
पीड़िता ग्राम प्रधान मेवाती देवी पत्नी तेजन पासी द्वारा पुलिस व मुख्यमंत्री पोर्टल पर दिए गए शिकायती पत्र के मुताबिक वह त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अनुसूचित जीत महिला सीट पर निर्वाचित ग्राम प्रधान है। वित्तीय अनियमितता को दिखा कर प्रार्थिनी का पावर जिलाधिकारी महराजगंज ने 21 जनवरी 2026 को सीज कर दिया गया था। अभी ग्राम पंचायत में त्रिस्तरीय कमेटी का गठन भी नहीं हुआ है।
महिला ग्राम प्रधान प्रत्येक वर्ष की तरह गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को मिष्ठान आदि की व्यवस्था कर पंचायत भवन पर झण्डा फहराने के लिए गयी थी, पूर्व से मौजूद ग्राम सचिव बृजेश यादव ने झण्डा फहराने से रोकते हुए कहा कि आप पहले ए०डी० ओ० पंचायत दिनेश पाठक से बात कर लीजिए। सचिव के द्वारा अपने मोबाइल से एडीओ पंचायत से स्पीकर ऑन कर झण्डा फहराने की बात किया जा रहा था कि मोबाइल पर दूसरी तरफ से बोल रहे व्यक्ति द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए, तमाम भट्टी -2 गालियाँ देते हुए, झण्डा फहराने से मना कर दिया। जिसे लेकर ग्राम प्रधान की बहुत ही मानहानी हुई है। स्थानीय थाना-पुस्दरपुर में आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अभी तक पुलिस के द्वारा उपरोक्तों पर जाँच कर कार्यवाही नहीं की गई। ग्राम प्रधान ने उपरोक्त दोषियों पर कार्यवाही कराते हुए मुख्यमंत्री से भी न्याय की गुहार लगाई है।
इस सम्बंध में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि महिला ग्राम प्रधान ने तहरीर दिया है। मामले की जांच चल रही है।
इस सम्बंध में एडीओ पंचायत दिनेश पाठक ने बताया कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप निराधार हैं। इस प्रकरण से उनका कोई लेना देना नही है।
दूसरी तरफ ग्राम सचिव बृजेश यादव ने बताया कि ग्राम प्रधान अनावश्यक रूप से मामले को तूल पकड़ा रहीं हैं। उन्होंने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर झंडा फहराने से महिला ग्राम प्रधान को रोका था।







