महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
करीब 50 वर्षों तक साथ निभाने वाले पति-पत्नी का रिश्ता मौत के बाद भी अलग नहीं हुआ। नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नंबर 10 दीन दयाल नगर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां पति की मृत्यु के कुछ ही देर बाद पत्नी ने भी सदमे में दम तोड़ दिया। दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी लालमन सिंह (70) लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बुधवार की रात उन्होंने परिवार के साथ भोजन किया और सो गए। गुरुवार सुबह जब उनकी पत्नी रुमाली देवी (62) ने उन्हें जगाने की कोशिश की, तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पति के मृत होने का अहसास होते ही रुमाली देवी जोर-जोर से रोने लगीं और सदमे में बेहोश होकर गिर पड़ीं।
परिजन उन्हें संभाल ही रहे थे कि कुछ ही देर में रुमाली देवी की भी सांसें थम गईं। एक ही घर में पल भर में दो मौतों से परिवार में कोहराम मच गया। पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
दंपत्ति अपने पीछे तीन बेटे—जगदीश, प्रदीप और संदीप—सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार भौराबारी पुल के पास रोहिन नदी के तट पर किया, जहां पति-पत्नी को एक ही चिता पर अंतिम विदाई दी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा अटूट प्रेम बहुत कम देखने को मिलता है। इस घटना को जिसने भी सुना, वह भावुक हुए बिना नहीं रह सका।







