गोरखपुर
शहर में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। रेलवे जीएम कार्यालय के सामने सड़क किनारे खड़ा एक जर्जर इमली का पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर एक पत्रकार की मौत हो गई, जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पत्रकार शास्त्री चौक स्थित प्रेस क्लब से एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। मृतक की पहचान जितेंद्र शुक्ला के रूप में हुई है, जो स्वयं वाहन चला रहे थे, जबकि घायल प्रमोद पाल का इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पेड़ अचानक भरभराकर गिरा और दोनों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से जितेंद्र को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पत्रकारों में शोक की लहर है और शहर में जर्जर पेड़ों को हटाने की मांग तेज हो गई है।





