कानपुर से शार्पदृष्टि की रिपोर्ट
दीपावली की रात कानपुर के जाजमऊ इलाके में वाजिदपुर स्थित एक टेनरी के लेदर स्टोर में जलता हुआ रॉकेट घुसने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि लगभग एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों का दावा है कि राकेट जानबूझकर स्टोर की तरफ करके छोड़ा गया।
घटना सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। त्योहार के कारण टेनरी में उस समय काम बंद था, लेकिन कुछ कर्मी और गार्ड मौजूद थे। अचानक जलता हुआ रॉकेट गोदाम में आकर फट गया और वहां रखे लेदर व अन्य सामान में आग लग गई। कर्मियों ने तुरंत सबमर्सिबल पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सौभाग्य से इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
टेनरी संचालक राजा सिंह के बेटे नरेश सिंह ने बताया कि आगजनी से हुए नुकसान का आकलन अभी नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण जलता हुआ रॉकेट माना जा रहा है।




