श्रीनरायन गुप्ता की रिपोर्ट
शनिवार को जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने तहसील निचलौल के उच्च प्राथमिक विद्यालय बजहा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के कार्यों का औचक निरीक्षण किया।इस दौरान जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ द्वारा की जा रही गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्ति एवं प्रपत्र भरवाने की प्रक्रिया की जानकारी ली। बीएलओ सुश्री सुनीता कुशवाहा,सुधा कुशवाहा और रीता देवी ने बताया कि उनके पास क्रमशः बूथ सांख्य 113, 114 और 115 का प्रभार है, जहां कुल मतदाता 740, 860 और 1009 हैं। सभी को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं।
फार्म को जमा करने और डिजिटाइज करने का काम किया जा रहा है।बूथ संख्या 113 पर कुल 179 गणना प्रपत्रों, 114 पर 223 गणना प्रपत्रों और बूथ संख्या 115 पर 362 गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज किया जा चुका है और डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया का काम तेजी के साथ किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य समानांतर रूप से किया जाए तथा प्रपत्रों के साथ संलग्न की जाने वाली तस्वीरें स्पष्ट एवं उच्च गुणवत्ता वाली हों।आवश्यकता पड़ने पर बीएलओ अपने मोबाइल से मतदाता की फोटो लेकर उसे संलग्न करें।उन्होंने कहा कि एसआईआर का प्रमुख उद्देश्य शुद्ध,पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सही मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाती है।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से एसआईआर में सहयोग करने का अनुरोध किया और बताया कि सभी के प्रयास से हम एक शुद्ध और सटीक निर्वाचक नामावली तैयार करने में सफल होंगे।






