लखनऊ
चिनहट इलाके की रहने वाली महिला इंजीनियर ऐमन की सऊदी अरब के जेद्दा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के 27 दिन बाद मंगलवार को जब शव लखनऊ पहुंचा, तो शरीर पर गहरे चोट के निशान देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।
मृतका के पिता और फायर विभाग में सब-इंस्पेक्टर शेर अली ने बताया कि ऐमन की शादी 10 अप्रैल 2025 को रायबरेली निवासी आमिर से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और परिवारों की सहमति से निकाह हुआ था। शादी के बाद आमिर ऐमन को अपने साथ जेद्दा ले गया।
आरोप है कि सऊदी अरब में आमिर ऐमन के साथ अक्सर मारपीट करता था। इसकी जानकारी ऐमन ने फोन के जरिए अपने परिवार को दी थी। दिसंबर माह में जेद्दा में ऐमन की मौत हो गई, जबकि शव भारत लाने में कानूनी प्रक्रिया के कारण 27 दिन लग गए।
मंगलवार को जब पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के गहरे निशान मिले। परिजनों का आरोप है कि पीठ पर बेल्ट से पिटाई के साफ निशान थे। पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज हत्या व उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







