Home / राज्य / टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों ने बनाई रणनीति

टीईटी अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों ने बनाई रणनीति

 

महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता 

लक्ष्मीपुर स्थित बीआरसी सभागार में शनिवार को क्षेत्र के शिक्षकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) को अनिवार्य किए जाने के निर्णय के विरोध में व्यापक चर्चा की गई तथा आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय की गई। ब्लाक अध्यक्ष धनप्रकाश त्रिपाठी व महामंत्री हरिश्चन्द्र चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा अब तक इस विषय पर कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है, जिससे शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि सरकार ने सकारात्मक पहल नहीं की तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत 22 फरवरी को दोपहर 2:00 बजे से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर निर्धारित हैशटैग के साथ ऑनलाइन अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 23, 24 और 25 फरवरी को शिक्षक काली पट्टी बांधकर विद्यालयों में कार्य करते हुए शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे।

आंदोलन के अगले चरण में 26 फरवरी को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है। शिक्षकों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार की अव्यवस्था फैलाना नहीं, बल्कि अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाना है।

बैठक में धन प्रकाश त्रिपाठी, हरिश्चंद्र चौधरी, विंध्याचल चौधरी, दिनेश यादव, मिथिलेश सिंह, डॉ. देवेंद्र राव, नंदकिशोर त्रिपाठी, गिरजेश पांडेय, श्याम कुमार द्विवेदी, हरिश्चंद्र यादव, अमरेश गुप्ता, अजय पटेल, संजय सिंह, प्रदीप कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल