लक्ष्मीपुर से श्रीनरायन गुप्ता
पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रिसलपुर भोथहा निवासी राहुल साहनी (19) पुत्र राजदेव दोपहर के समय गांव के सटे जंगल किनारे बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले तेंदुए ने पहले बकरी पर झपटा और अगले ही पल राहुल को भी अपनी चपेट में ले लिया। राहुल के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के ही विकास (30) पुत्र सन्तबली, राजकुमार (40) पुत्र चन्द्रबली, राजेश पुत्र रामप्रीत चौधरी, और सलमान खान (19) मौके पर दौड़े। लेकिन राहुल को बचाने की कोशिश में तेंदुआ और अधिक आक्रामक हो गया और उन पर भी हमला कर दिया।
हमले में सभी पांच लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह शोर मचाकर तेंदुए को भगाया और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी लक्ष्मीपुर पहुंचाया।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि सलमान की चोटें हल्की थीं, इसलिए उसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। बाकी चार घायलों की स्थिति चिंताजनक होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रभारी रेंजर मोहन सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है और वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुट गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता या जंगल क्षेत्र सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक कोई भी व्यक्ति जंगल या उससे सटे क्षेत्र में न जाए।





