दिल्ली के बाद अब
लखनऊ से शार्पदृष्टि की रिपोर्ट
दिल्ली के बाद अमौसी एयरपोर्ट पर शुक्रवार को बड़ी तकनीकी खराबी के कारण हवाई संचालन घंटों बाधित रहा। ऑटोमेटिक मेसेज स्विचिंग सिस्टम (एएमएसएस) ठप पड़ जाने से उड़ानों की सूचनाएं एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) तक नहीं पहुंच सकीं। इसके चलते संचालन पूरी तरह मैनुअल करना पड़ा, जिससे 45 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं और सैकड़ों यात्री टर्मिनल पर फंसे रहे। कई विमान रनवे और एप्रन पर खड़े रहे, वहीं नाराज यात्रियों ने हंगामा किया।गड़बड़ी गुरुवार रात से शुरू हुई थी, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही। इसका असर जयपुर, अमृतसर, पटना, अहमदाबाद और जम्मू रूट की उड़ानों पर भी पड़ा। सामान्यतः जहां चार–पांच सेकंड में डेटा ट्रांसफर होता था, वहीं अब एक फ्लाइट की प्रक्रिया में 15–20 मिनट लगने लगे।
सुबह से कई उड़ानें घंटों देरी से रवाना हुईं जैसे इंडिगो (6ई 6350) एक घंटे देरी से 7:34 बजे उतरी, जबकि एयर इंडिया (एआई 2499) दो घंटे देर से पहुंची। रनवे पर तीन फ्लाइटें खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों ने हंगामा किया। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि सभी उड़ानों को सुरक्षित रूप से संचालित किया गया और यात्रियों को असुविधा से बचाने के प्रयास किए गए।







