आगरा से शार्पदृष्टि की रिपोर्ट
फतेहाबाद टोल प्लाजा पर सोमवार को अनोखा वाकया देखने को मिला। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर करीब 5000 से ज्यादा गाड़ियां बिना टोल टैक्स दिए निकल गईं। दरअसल, दीपावली पर कर्मचारियों को उम्मीद के मुताबिक बोनस नहीं मिला, जिससे वे नाराज हो गए।
कर्मचारियों ने जब टोल मैनेजर से बोनस बढ़ाने की मांग की, तो बातचीत में कोई सहमति नहीं बनी। नाराज कर्मचारियों ने विरोधस्वरूप गेट खोल दिए और गाड़ियों को बिना शुल्क के गुजरने दिया। इस दौरान कई घंटों तक टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
घटना की सूचना मिलते ही प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से बात की। फिलहाल जांच शुरू कर दी गई है कि इस घटना से कितने का राजस्व नुकसान हुआ है और किसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी।





