वाराणसी
नकली कफ सिरप मामले को लेकर जबरिया सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एवं आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर पर मानहानि सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। यह केस वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) के मानद सदस्य और हिंदू युवा वाहिनी के वाराणसी मंडल प्रभारी अंबरीश सिंह भोला द्वारा चौक थाने में दर्ज किया गया।
अंबरीश सिंह भोला का आरोप है कि 30 नवंबर को अमिताभ ठाकुर ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से एक वीडियो और लेटरहेड पोस्ट किया था, जिस पर अमिताभ और नूतन ठाकुर की फोटो थी। इसमें भोला पर आपराधिक मामलों में संलिप्तता के झूठे आरोप लगाए गए थे। पोस्ट को लाखों लोगों ने देखा, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और मानसिक व शारीरिक कष्ट हुआ।
भोला ने कहा कि आरोपियों ने जानबूझकर समाज में वैमनस्य फैलाने और एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि व राज्य मंत्री के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाने का प्रयास किया। चौक थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर इसकी जांच उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह को सौंपी गई है। पुलिस विवादित पोस्ट और वीडियो की फॉरेंसिक जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।वहीं, अमिताभ ठाकुर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें मानहानि के मुकदमे की जानकारी मिली है और वे जल्द ही नियमों के तहत विधिक कार्रवाई करेंगे।





