Home / राज्य / नशेड़ियों ने चौक में ट्रैफिक पुलिस बूथ फूंका, सामान जलकर राख  

नशेड़ियों ने चौक में ट्रैफिक पुलिस बूथ फूंका, सामान जलकर राख  

लखनऊ

राजधानी क्षेत्र के चौक इलाके में पक्का पुल के पास रविवार देर रात अराजक तत्वों ने ट्रैफिक पुलिस बूथ में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि स्मैकियों को नशा करने से रोकने पर नाराज़ होकर इस घटना को अंजाम दिया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आगजनी की इस घटना में ट्रैफिक पुलिस बूथ को भारी नुकसान पहुंचा है। बूथ के अंदर रखे महत्वपूर्ण विभागीय दस्तावेज पूरी तरह जलकर राख हो गए। इसके अलावा चार कुर्सियां भी आग की भेंट चढ़ गईं। वहीं बूथ में रखी एक बड़ी मेज मौके से गायब मिली है। पुलिस को आशंका है कि नशेड़ियों ने मेज को उठाकर अपने साथ ले गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अराजक तत्व पहले बूथ के पीछे आग जलाकर ताप रहे थे, इसके बाद उन्होंने पूरे पुलिस बूथ को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

स्मैकियों का अड्डा बना पक्का पुल मार्ग 

स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का कहना है कि पक्का पुल से चौक चौराहे तक करीब एक किलोमीटर का इलाका नशेड़ियों का सुरक्षित अड्डा बन चुका है। शाम ढलते ही यहां कई गुटों में लोग खुलेआम नशा करते नजर आते हैं। पुलिस द्वारा समय-समय पर अभियान चलाने के बावजूद स्मैकियों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं। राहगीरों और दुकानदारों ने कई बार इसकी शिकायत पुलिस से की है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

इस संबंध में इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय ने बताया कि बीती रात कुछ अराजक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल