नई दिल्ली
पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की आगामी पुस्तक ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के अप्रकाशित संस्करण के सोशल मीडिया पर लीक होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, इस पुस्तक को अभी संबंधित प्राधिकरणों से प्रकाशन की आधिकारिक अनुमति नहीं मिली थी, इसके बावजूद इसकी प्री-प्रिंट कॉपी इंटरनेट पर साझा की गई।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन न्यूज फोरम पर यह जानकारी सामने आई थी कि किताब की टाइपसेट की गई पीडीएफ कॉपी उपलब्ध है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि यह कॉपी पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार की गई प्रतीत होती है। इसके अलावा कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर पुस्तक का फाइनल कवर भी इस तरह दिखाया गया, जैसे किताब बिक्री के लिए उपलब्ध हो।
पुलिस का मानना है कि यह मामला गोपनीयता और कॉपीराइट उल्लंघन से जुड़ा हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केस स्पेशल सेल में दर्ज किया गया है। अब यह जांच की जा रही है कि प्री-प्रिंट कॉपी इंटरनेट तक कैसे पहुंची, इसमें किन लोगों या संस्थाओं की भूमिका रही और क्या किसी कानूनी प्रावधान का उल्लंघन हुआ है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







