मथुरा
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2024 बैच के नौ प्रशिक्षु अधिकारियों ने अपने चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान वृंदावन में आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया। ठाकुर श्री बांकेबिहारी के दर्शन के उपरांत प्रशिक्षु अधिकारियों का दल प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मिला और उनसे आशीर्वाद लिया।
दल में यूपीएससी टॉपर शक्ति दुबे भी शामिल रहीं। जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली और मैदानी स्तर की चुनौतियों को समझने के उद्देश्य से अध्ययन दौरे पर आए इन अधिकारियों ने संत प्रेमानंद से यह जानना चाहा कि वे अपने प्रशासनिक जीवन की शुरुआत किस प्रकार करें, ताकि ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश की सेवा कर सकें।
संत प्रेमानंद महाराज ने अधिकारियों को उपदेश देते हुए कहा कि प्रलोभन और भय ही ऐसे कारण हैं, जो व्यक्ति को उसके धर्म और कर्तव्य से विचलित कर देते हैं। उन्होंने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी को अपने कर्तव्यों का पालन करते समय इन दोनों से स्वयं को दूर रखना चाहिए। निष्पक्षता, साहस और सत्यनिष्ठा ही सुशासन की आधारशिला हैं।
संत के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर प्रशिक्षु अधिकारियों ने इसे अपने भावी प्रशासनिक जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। चार दिवसीय अध्ययन दौरे के समापन के बाद अधिकारियों का दल मंगलवार को अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गया।







