महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति एवं भारतीय बौद्ध महासभा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को प्राचीन बौद्ध स्थल रामग्राम स्तूप पर भव्य दीपदान उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने बुद्ध के विचारों पर चलने का संकल्प लिया और पूरे परिसर में श्रद्धा एवं भक्ति का वातावरण व्याप्त रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत बुद्ध, धम्म और संघ की वंदना के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित लोगों ने त्रिशरण और पंचशील का पाठ किया तथा भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को जीवन में उतारने का आह्वान किया। स्तूप परिसर को दीपों से सुंदर रूप में सजाया गया, जिससे पूरा स्थल प्रकाशमय और दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। जब सभी श्रद्धालु एक स्वर में “बुद्धं शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि, संघं शरणं गच्छामि” का उद्घोष कर रहे थे, तो पूरा रामग्राम स्तूप बुद्ध भक्ति से गूंज उठा।
दीपदान से पूर्व समिति के सदस्यों और भक्तों ने स्तूप की परिक्रमा करते हुए अगरबत्ती, मोमबत्ती और दीप जलाकर पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं ने दीपों के माध्यम से अपने मन की श्रद्धा व्यक्त की और शांति, करुणा व मैत्री का संदेश दिया।
इस अवसर पर भारतीय बौद्ध महासभा के जिला अध्यक्ष गामा प्रसाद, देवदह रामग्राम बौद्ध विकास समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र राव और लक्ष्मीचंद पटेल के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इनके मार्गदर्शन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दीपदान करते हुए बौद्ध धम्म के प्रसार का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में राम अवतार, रामचरन, जितेन्द्र गौतम, शिव सरन बर्मा, राजकुमारी, सबिता गौतम, चम्पा देवी, बिन्दा, पाना देवी, पुष्पा गौतम, सुनिता देवी, इन्द्र कला और बालकृष्ण वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







