फिरोजाबाद
जिले में बुधवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस नसीरपुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 55–56 के बीच डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे में बस में सवार 11–12 यात्री घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी शिकोहाबाद भेजा गया। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। पुलिस ने बस को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
घायलों में मोहम्मद सरतार, प्रदुमन बाजपेयी, दामिनी वर्मा, दिवांश, देवेंद्र, सुधीरपाल, गंगा, कृष्ण कुमार, शिवम गुप्ता, धीरेन्द्र प्रताप, स्वेता और पीयूष मिश्रा शामिल हैं। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।





