लखनऊ
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग (IT) की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। कार्रवाई सोनभद्र, कौशांबी और बलिया में चल रही है, जबकि लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी पूरी हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार लखनऊ के आवास से करीब 11.5 करोड़ रुपये नकद, महंगी घड़ियां, सोना-चांदी और कीमती जेवर बरामद किए गए हैं।
बुधवार को आयकर विभाग ने एक साथ 15 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी। बताया जा रहा है कि विभाग करीब 1000 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी के मामले में फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रहा है। हालांकि, बरामदगी को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
लखनऊ में बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे शुरू हुई तलाशी आज सुबह 9 बजे तक चली। इस दौरान करीब 50 आयकर अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और किसी के भी आने-जाने पर रोक लगी रही। विधायक और उनका परिवार पूरे समय घर के अंदर ही मौजूद रहा।
उधर, सोनभद्र में छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन के कार्यालय में भी 24 अधिकारी तलाशी में जुटे हैं। गेट अंदर से बंद है और कर्मचारी भी भीतर ही हैं। अधिकारियों ने रात में बाहर से खाना मंगवाकर भोजन किया। बताया जा रहा है कि बुधवार को अधिकारी बाराती बनकर पहुंचे थे और उनकी गाड़ियों पर शादी के पंपलेट लगे हुए थे।
गौरतलब है कि उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा से लगातार तीन बार विधायक रह चुके हैं। वे ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं और पिछले महीने ही अमेरिका से इलाज (ब्लड चेंज) कराकर लौटे हैं। फिलहाल वे लखनऊ स्थित आवास पर आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं। इस मामले पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने छापेमारी को मानवता के खिलाफ बताया है। वहीं योगी सरकार में मंत्री दिनेश सिंह, जो उमाशंकर सिंह के समधी हैं, ने कहा कि “एक बेटी का बाप होने के नाते मैं उसके सुख-दुख में खड़ा रहूंगा। बेटी नहीं छोड़ी जा सकती, राजनीति छोड़ी जा सकती है।”






