बहराइच
जनपद में जंगली जानवरों, खासकर भेड़ियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कैसरगंज तहसील क्षेत्र का है, जहां बुधवार को एक भेड़िया घर में घुस आया और मां के पास बैठकर खेल रही मासूम बच्ची को जबड़े में दबोचकर ले जाने लगा। परिजनों के शोर मचाने और ग्रामीणों की हांक लगाने पर भेड़िया घर से कुछ दूरी पर बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
घटना गोडहिया नंबर दो के गुल्लाइनपुरवा गांव की है। गांव निवासी पवन कुमार ने बताया कि उनकी तीन वर्षीय बेटी आंचल घर के अंदर खेल रही थी, जबकि उनकी पत्नी खाना बना रही थीं। तभी अचानक भेड़िया घर में घुस आया और बच्ची को उठाकर भागने लगा। बच्ची की मां के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के ग्रामीण पीछे दौड़े, जिससे घबराकर भेड़िया बच्ची को छोड़कर फरार हो गया।
घायल बच्ची को आनन-फानन में परिजन स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल बच्ची का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
लगातार हो रही भेड़ियों की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और भेड़ियों को पकड़ने के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है।






