बाराबंकी
लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे पर स्थित बारा टोल प्लाजा, हैदरगढ़ में एक वकील की पिटाई का मामला गुरुवार को तूल पकड़ गया। घटना से आक्रोशित सैकड़ों अधिवक्ताओं ने टोल प्लाजा पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। गुस्साए वकीलों ने टोल के बूम बैरियर तोड़ दिए, जिससे टोल फ्री हो गया और करीब तीन घंटे तक वाहन बिना शुल्क दिए गुजरते रहे।
जानकारी के मुताबिक इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकील और प्रतापगढ़ निवासी रत्नेश शुक्ला बुधवार दोपहर करीब एक बजे अपने सहयोगियों के साथ हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी बारा टोल प्लाजा पर पहुंची। गाड़ी में फास्टैग न होने पर अधिवक्ता ने गाड़ी नंबर के जरिए टोल शुल्क काटने की बात कही।
आरोप है कि इस बात को लेकर टोल कर्मी लवलेश, रवि तोमर, विश्वजीत, गोलू समेत अन्य कर्मचारियों ने अधिवक्ता के साथ गाली-गलौज की और उन पर हमला कर दिया। टोल कर्मियों ने अधिवक्ता रत्नेश शुक्ला की जमकर पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वकीलों में भारी आक्रोश फैल गया।
गुरुवार को हैदरगढ़ तहसील के सैकड़ों अधिवक्ता एकजुट होकर बारा टोल प्लाजा पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए टोल मैनेजर समेत पांच टोल कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




