बाराबंकी की रिपोर्ट
अभी दिल्ली घटना से लोग उबर नही पाए ही थे कि अचानक उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में गुरुवार शाम एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। धमाकों की आवाज़ सुनकर आस-पास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। यह घटना पूरे डलई ब्लॉक के सराय बरई गांव स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुई, जहां अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और अंदर रखे पटाखों में एक के बाद एक धमाके होने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की कई गाड़ियाँ और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि फैक्ट्री को लाइसेंस प्राप्त है और 15 किलो तक आतिशबाजी के भंडारण व निर्माण की अनुमति दी गई है। फोरेंसिक टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





