Home / राज्य / बिल्ली मारकुंडी खदान धँसी.एक मजदूर की मौत,15 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका ओबरा का मामला 

बिल्ली मारकुंडी खदान धँसी.एक मजदूर की मौत,15 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका ओबरा का मामला 

 

 

सोनभद्र की रिपोर्ट 

 

ओबरा थाना क्षेत्र स्थित बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। ड्रिलिंग के दौरान पत्थर खदान अचानक धसक गई, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक श्रमिकों के मलबे में दबे होने की आशंका है। हादसे के बाद पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत-बचाव में जुटी हुई हैं, लेकिन खदान की गहराई और भारी मलबा कार्य में बाधा बना हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नौ कंप्रेशर मशीनों के साथ ब्लास्टिंग के लिए ड्रिलिंग का काम चल रहा था। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर समाप्त होने के आधे घंटे बाद ही खदान की दीवार अचानक धसक गई और लगभग 150 फीट नीचे तक भारी मलबा जा गिरा, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण दौड़कर मदद में जुट गए। डीएम बद्रीनाथ सिंह, एसपी अभिषेक वर्मा, पुलिस बल और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड ने भी स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, पनारी गांव के दो मजदूरों की मौत की चर्चा है, हालांकि प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बिरसा मुंडा जयंती के दिन हुए इस हादसे ने सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर खनन क्षेत्र में ब्लास्टिंग पहले ही प्रतिबंधित थी, इसके बावजूद मेसर्स कृष्णा माइनिंग की खदान में ड्रिलिंग का कार्य कैसे जारी था—यह बड़ा प्रश्न बन गया है। डीएम ने कहा है कि मलबा हटने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

परिजन और ग्रामीणों में रोष

उनका आरोप है कि बिना सुरक्षा मानकों के खतरनाक गहराई में मजदूरों से काम कराया जा रहा था, जिसका नतीजा यह दर्दनाक हादसा है। अफसरों और माइनिंग कंपनी पर लापरवाही के आरोप मंडरा रहे हैं। सरकार ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है, पर सवाल यह है कि क्या यह आश्वासन मलबे में दबे मजदूरों को वापस ला सकेगा?

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल