प्रयागराज
बीएसएनएल के डायरेक्टर विवेक बंजल का प्रस्तावित प्रयागराज दौरा अचानक रद्द कर दिया गया। यह दौरा 25 फरवरी को होना था, लेकिन उससे पहले ही उनके स्वागत और कार्यक्रम से जुड़ा विस्तृत प्रोटोकॉल इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया।
वायरल हुए प्रोटोकॉल में विवेक बंजल की दिनचर्या का मिनट-टू-मिनट विवरण दर्ज था। स्नान से लेकर दोपहर के भोजन तक की पूरी व्यवस्था पहले से तय की गई थी। यहां तक निर्देश दिए गए थे कि किसी भी स्तर पर कोई चूक न हो—मसलन स्नान के बाद इस्तेमाल होने वाला एक टॉवल भी मिस न हो। प्रत्येक जिम्मेदारी के लिए अलग-अलग अधिकारियों की तैनाती की गई थी।
प्रोटोकॉल के अनुसार, विवेक बंजल के संगम स्नान की विशेष व्यवस्था एक सीनियर अधिकारी को सौंपी गई थी, ताकि स्नान के बाद उपयोग होने वाली कोई भी वस्तु छूटने न पाए। इस तरह की अभूतपूर्व व्यवस्थाओं को लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स ने तरह-तरह की टिप्पणियां कीं।
बताया जा रहा है कि यह प्रोटोकॉल कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हुआ। इसके ठीक एक दिन बाद ही बीएसएनएल डायरेक्टर का यह “शाही दौरा” निरस्त कर दिया गया। हालांकि, दौरा रद्द होने के आधिकारिक कारणों को लेकर विभाग की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।







