शामली
उत्तर प्रदेश के शामली जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कांधला थाना क्षेत्र के गढ़ी दौलत गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर बुर्का न पहनकर मायके जाने से नाराज होकर अपनी पत्नी और दो बेटियों की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात को छिपाने के लिए तीनों शवों को घर में खोदे गए शौचालय के गड्ढे में दफना दिया।
मृतक महिला की पहचान ताहिरा (32) के रूप में हुई है, जबकि उसकी बेटियां आफरीन (12) और छोटी सारीन (5) थीं। तीनों बीते 10 दिसंबर से लापता थीं। परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने महिला के पति फारुख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी फारुख, पिता दाऊद से अलग रहकर रहता था और उसके कुल पांच बच्चे हैं। हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।




