Home / राज्य / ब्राह्मण सम्मेलन में हंगामा, डॉ दिनेश शर्मा मंच छोड़कर भागे, कलराज ने जतायी नाराजगी  

ब्राह्मण सम्मेलन में हंगामा, डॉ दिनेश शर्मा मंच छोड़कर भागे, कलराज ने जतायी नाराजगी  

 

लखनऊ 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने प्रबुद्ध वर्ग के ब्राह्मण सम्मेलन के दौरान हुए हंगामे और राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा के कार्यक्रम छोड़कर जाने पर हैरानी और नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि डॉ. दिनेश शर्मा सम्मेलन में अच्छा और सारगर्भित भाषण दे रहे थे और बहुत कम लोग हंगामा कर रहे थे। ऐसे में उनका बीच कार्यक्रम से चले जाना समझ से परे है।

कलराज मिश्र ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) से जुड़े नियमों पर कहा कि यह 2012 के पुराने ड्राफ्ट से बिल्कुल अलग है। इसमें पहली बार पिछड़े वर्ग को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि कमेटी में सामान्य वर्ग की अनिवार्यता नहीं रखी गई थी, जिस पर न्यायालय ने संज्ञान लेते हुए रोक लगाई है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में अपनी बात रखना उचित है, लेकिन नरेंद्र मोदी के प्रति अपशब्दों का प्रयोग किसी भी रूप में सही नहीं है।

सवर्ण विद्यार्थियों के खिलाफ नियम

कलराज मिश्र ने दावा किया कि यूजीसी के कुछ नियम सवर्ण विद्यार्थियों के खिलाफ प्रतीत होते हैं। कमेटी में सभी सदस्यों का होना अनिवार्य नहीं होने से आशंकाएं पैदा हुईं, जिन पर कोर्ट ने भी ध्यान दिया।

गौरतलब है कि इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन में शनिवार को उस समय हंगामा हो गया, जब डॉ. दिनेश शर्मा मंच पर बोलने के लिए खड़े हुए। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की ओर से बुलाए गए इस प्रबुद्ध सम्मेलन में पक्ष और विपक्ष के कई नेता मौजूद थे। यूजीसी मुद्दे को लेकर विरोध शुरू हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया। आयोजकों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन हंगामा शांत नहीं हुआ। इसके बाद डॉ. दिनेश शर्मा को मंच से लौटना पड़ा और कुछ देर बाद ही वे कार्यक्रम बीच में छोड़कर चले गए।

सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा ब्राह्मण समाज के साथ खड़ी है। समाज के मन में जो बेचैनी है, सरकार उसे समझती है और भरोसा दिलाती है कि उनके साथ कहीं भी गलत नहीं होगा। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के सिद्धांत पर सभी को साथ लेकर चलने की बात कही।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल