Home / राज्य / भाजपा विधायक को ‘लुटेरा’ कहने पर अजय राय पर FIR, लखनऊ में दर्ज हुआ मुकदमा  

भाजपा विधायक को ‘लुटेरा’ कहने पर अजय राय पर FIR, लखनऊ में दर्ज हुआ मुकदमा  

 

लखनऊ

सरोजनी नगर से भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह को ‘लुटेरा’ कहने के मामले में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ लखनऊ में FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई भाजपा नेता शिवशंकर सिंह उर्फ शंकरी की शिकायत पर सरोजनी नगर थाने में की गई। शिकायत के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को सरोजनी नगर के गौरी-बिजनौर रोड स्थित नटकुर तिराहा पर आयोजित एक राजनीतिक सभा में अजय राय ने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा था कि राजेश्वर सिंह देश और प्रदेश को लूटने का काम कर रहे हैं और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में रहते हुए भी लूट-खसोट जारी थी।

यह टिप्पणी सरोजनी नगर में आयोजित ‘संविधान संवाद महापंचायत’ कार्यक्रम के दौरान की गई थी। आरोप है कि अजय राय का यह बयान असत्य, मानहानिकारक और भड़काऊ था।

*सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल :-

भाजपा नेता शिवशंकर सिंह ने तहरीर में बताया कि अजय राय के भाषण को योजनाबद्ध तरीके से रिकॉर्ड कर फेसबुक पर अपलोड किया गया। यह वीडियो ‘रुद्रदमन सिंह’ नामक फेसबुक अकाउंट से साझा किया गया, जिसे अब तक 25 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है।

शिकायत में कहा गया है कि इस वीडियो के वायरल होने से लोक शांति भंग होने, राजनीतिक तनाव बढ़ने और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका है। साथ ही भाषण देने, उसे रिकॉर्ड करने और सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के बीच आपराधिक साजिश रचने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अजय राय के खिलाफ मानहानि, जानबूझकर भड़काऊ भाषण देने और अपमानित करने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल