Home / विदेश / भारत का अब तक इतना अपमान किसी ने नहीं किया, फिर भी मोदी चुप : खड़गे 

भारत का अब तक इतना अपमान किसी ने नहीं किया, फिर भी मोदी चुप : खड़गे 

नई दिल्ली

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बयानों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। खड़गे ने कहा कि वह समझ नहीं पा रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ट्रम्प के सामने क्यों झुक रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए ठीक नहीं है और प्रधानमंत्री को देश के सम्मान के लिए मजबूती से खड़ा होना चाहिए।

खड़गे ने कहा, “देश ने आपको प्रधानमंत्री सिर हिलाने के लिए नहीं चुना है। यह पहली बार है कि दुनिया का कोई देश भारत को इस तरह सार्वजनिक रूप से डराने और बेइज्जत करने की कोशिश कर रहा है, फिर भी हमारे 56 इंच की छाती वाले प्रधानमंत्री चुप्पी साधे हुए हैं। यह सिर्फ मोदी जी की नहीं, पूरे देश की बेइज्जती है।”

दरअसल, खड़गे की यह प्रतिक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के उस दावे पर आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि रूस से तेल आयात को लेकर अमेरिका की नाराजगी के बाद भारत ने तेल खरीद कम की, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी उन्हें खुश करना चाहते थे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने वैश्विक हालात पर भी चिंता जताते हुए वेनेजुएला का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां बन रहे हालात दुनिया के लिए अच्छे नहीं हैं। डराने और विस्तारवादी नीतियां ज्यादा समय तक नहीं चलतीं। हिटलर और मुसोलिनी जैसे लोग इतिहास बन चुके हैं। वैश्विक शांति को बिगाड़ने वाली सोच सही नहीं है।

खड़गे ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को ट्रम्प की धमकियों और दावों पर चुप रहने के बजाय सख्त और स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

 

कांग्रेस ने सरकार से पूछे तीन सवाल:-

क्या भारत की विदेश नीति अब अमेरिका तय कर रहा है?

क्या रूस से तेल आयात घटाने का फैसला ट्रम्प को खुश करने के लिए लिया गया?

ट्रम्प की धमकियों और दावों पर प्रधानमंत्री मोदी चुप क्यों हैं?

कांग्रेस का कहना है कि सरकार को इन सवालों का जवाब देकर देश को सच्चाई बतानी चाहिए और भारत की संप्रभुता व सम्मान से कोई समझौता नहीं करना चाहिए।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल