मंडी धनौरा (अमरोहा)
चांदपुर मार्ग पर ग्राम चुचैला कलां स्थित एक मटर फ्रोजन प्लांट में रविवार दोपहर अमोनिया गैस का रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। गैस का रिसाव होते ही प्लांट के भीतर काम कर रहे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई और सभी कर्मचारी बाहर की ओर दौड़ पड़े। इस दौरान गैस के प्रभाव से छह महिला कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार चांदपुर मार्ग पर ‘अपराइट इनोवेटिव सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड’ नाम से संचालित मटर फ्रोजन प्लांट में मटर के दानों को फ्रीज करने का कार्य किया जाता है। रविवार दोपहर अचानक प्लांट से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे अंदर काम कर रहे कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थिति बिगड़ते देख कर्मचारी तुरंत बाहर निकल आए, लेकिन कुछ महिला कर्मचारी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गईं।
प्लांट प्रबंधन ने सभी प्रभावित महिलाओं को चुचैला कलां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि गैस रिसाव की सूचना मिली थी और दो महिला कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ी थी, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल रहा और प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।




