महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
महराजगंज में 14 अक्टूबर आगामी महराजगंज महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले अंतरविद्यालयी सांस्कृतिक कार्यक्रम की स्क्रीनिंग प्रक्रिया आज जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में शुरू हुई।जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। स्क्रीनिंग के दौरान आज विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति दी।मंच पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित निर्णायक मंडल एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्क्रीनिंग में जूनियर वर्ग में कुल 32 विद्यालयों और सीनियर वर्ग में 14 विद्यालयों के लगभग 700 बच्चों ने प्रतिभाग किया।
निर्णायक मंडल द्वारा प्रस्तुतियों का मूल्यांकन मंच प्रभावोत्पादकता, समन्वय, परिधान आदि के आधार पर किया गया। चयनित प्रतिभागियों को आगामी महराजगंज महोत्सव के मुख्य मंच पर अपनी प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन श्री पंकज मौर्या द्वारा किया गया।जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार महराजगंज महोत्सव को सफल बनाने और उसमें स्थानीय छात्र–छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए स्क्रीनिंग प्रक्रिया चल रही है, जो 16 तक चलेगी।उन्होंने कहा कि महराजगंज महोत्सव का उद्देश्य जनपद की लोकसंस्कृति,परंपरा और नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। महोत्सव के माध्यम से बच्चों में सांस्कृतिक चेतना और आत्मविश्वास का विकास करना महोत्सव की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने सभी विद्यालयों से अपील की कि वे अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल करें, जिससे जनपद की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा मिले।कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार,एसडीएम विजय यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी सुश्री ऋद्धि पांडेय, जिला पंचायतराज अधिकारी सुश्री श्रेया मिश्रा सहित शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्रों की सक्रिय उपस्थिति रही। स्क्रीनिंग का संचालन उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में किया गया।






