महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
महराजगंज जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने महराजगंज में तैनात दारोगा मोहम्मद असरफ को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दारोगा पर एक मामले में कार्रवाई से राहत देने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की थी, जिसके बाद योजना बनाकर कार्रवाई की गई।
टीम ने तय योजना के तहत दारोगा को रिश्वत की रकम लेते समय पकड़ लिया। मौके से 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी दारोगा को संबंधित थाने लाया गया, जहाँ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एंटी करप्शन अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस विभाग में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है।







