महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
जिले में प्रकृति का एक दुर्लभ और अद्भुत करिश्मा देखने को मिला है। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में एक महिला ने धड़ से जुड़े जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है। इस असाधारण घटना ने न सिर्फ इलाके में बल्कि पूरे जिले में चर्चा का विषय बना दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला की डिलीवरी एक निजी अस्पताल में कराई गई, जहां डॉक्टरों की टीम ने विशेष सावधानी और विशेषज्ञता के साथ सर्जरी के जरिए प्रसव कराया। जन्म लेने वाले जुड़वा बच्चे धड़ से जुड़े हुए हैं, जिन्हें देखने पर “दो बदन, एक जान” की कहावत साकार होती नजर आती है।
डॉक्टरों के अनुसार, यह एक अत्यंत दुर्लभ चिकित्सकीय स्थिति है, जिसे मेडिकल भाषा में कॉनजॉइंड ट्विन्स कहा जाता है। समय रहते सही निर्णय और सफल सर्जरी के चलते प्रसूता और दोनों नवजात फिलहाल पूरी तरह स्वस्थ हैं। बच्चों को विशेष निगरानी में रखा गया है और आगे के उपचार व जांच की प्रक्रिया जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और बच्चों की स्थिति का जायजा लिया। वहीं, इस अनोखे जन्म को लेकर स्थानीय लोगों में कौतूहल और आश्चर्य का माहौल बना हुआ है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे की चिकित्सा प्रक्रिया बेहद संवेदनशील होती है और बच्चों के भविष्य को लेकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा निर्णय लिया जाएगा।






