Home / राज्य / मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा, तीन महिलाओं की मौत  

मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा, तीन महिलाओं की मौत  

 

सोनभद्र

सोनभद्र जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत किरवानी जंगल में दर्दनाक हादसा हो गया। पुताई के लिए पीली मिट्टी निकालने गई महिलाओं के साथ यह दुर्घटना हुई, जब खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी का टीला धंस गया। हादसे में पांच महिलाएं दब गईं, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि गांव की महिलाएं जंगल में मिट्टी निकाल रही थीं, इसी दौरान टीले का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। जेसीबी मशीन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद तीन महिलाओं के शव मिट्टी से बाहर निकाले गए, जबकि दो महिलाओं को सुरक्षित निकाल लिया गया। दोनों घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन कई घंटों तक चला, जिसमें पुलिस, फायर ब्रिगेड और वन विभाग की टीम शामिल रही। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल