आइजोल
मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान में हुए डायनामाइट विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा जिले के मिसिंगेट-थांग्स्को इलाके में स्थित खदान में हुआ। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में इस दर्दनाक घटना की पुष्टि की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत और बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पूर्वी जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अब तक खदान से चार शव बरामद किए गए हैं, जबकि एक झुलसे हुए व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए शिलांग भेजा गया है। अन्य मृतकों की पहचान और परिस्थितियों की जांच जारी है।
प्रधानमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की गई है।
प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और अवैध खनन गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।






