शुक्लागंज/कानपुर
क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले में वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल शुक्लागंज के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें पहले कानपुर के हैलट अस्पताल ले गए। हालत में सुधार न होने पर उन्हें कार्डियोलॉजी संस्थान में भर्ती कराया गया, लेकिन शाम तक इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इस दुखद घटना से खेल प्रेमियों और स्थानीय क्रिकेट समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जाता है कि मानिक गुप्ता लंबे समय से क्रिकेट अंपायरिंग से जुड़े थे और अपने शांत स्वभाव व निष्पक्ष निर्णयों के लिए जाने जाते थे।
मधुमक्खियों के हमले के बाद मैच को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया। आयोजकों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की बात कही है।






